Thursday, April 1, 2010

चौथे मीडिया एक्सीलेंस अवॉर्ड में सम्मानित हुए प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया के पत्रकार

चौथे मीडिया एक्सीलेंस अवॉर्ड की घोषणा कर दी गयी है। इस बार एनडीटीवी इंडिया को बेस्ट न्यूज़ चैनल के मीडिया एक्सीलेंस अवॉर्ड से नवाज़ा गया है। शनिवार की शाम दिल्ली के मंडी हाउस स्थित फिक्की के गोल्डन जुबली ऑडिटोरियम में मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित रंगारंग समारोह में चौथे मीडिया एक्सिलेंस अवार्ड्स-2010 दिए गए। देश के बारह से ज्यादा राज्यों के प्रिंट और टीवी के करीब 35 पत्रकारों को अलग अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ये अवॉर्ड दिए गए।
          इस अवसर पर केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्री डॉ सीपी जोशी, केन्द्रीय श्रम राज्यमंत्री हरीश रावत, दिल्ली सरकार के श्रम मंत्री मंगत राम सिंघल, राजस्थान और गुजरात के पूर्व राज्यपाल जस्टिस अंशुमान सिंह, मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री मानवेंद्र सिंह, महाराष्ट्र के सांसद संजय पाटिल, बिहार के सांसद सुभाष यादव, मशहूर शिक्षाविद डॉ पी सी व्यास, पद्मश्री से सम्मानित प्रख्यात चिकित्सक डॉ के के अग्रवाल समेत राजनीति और पत्रकारिता जगत की कई नामी-गिरामी हस्तियां मौजूद थीं।
           एशिया के पहले महिला न्यूज एंड करेंट अफेयर्स चैनल 'फोकस टीवी' को महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बेमिसाल योगदान के लिए सर्वश्रेष्ठ चैनल के रूप में सम्मानित किया गया है। फोकस टीवी की तरफ से ये अवार्ड कंसल्टिंग एडिटर रश्मि सक्सेना और उनकी टीम ने ग्रहण किया। भोजपुरी चैनल `हमार टीवी’ को भी मीडिया फेडरेशन ने सर्वश्रेष्ठ भोजपुरी चैनल के रूप में सम्मानित किया। चैनल की ओर से उदय चंद्रा ने ये अवॉर्ड ग्रहण किया। रा मीडिया समूह ने मीडिया एक्सीलेंस अवार्ड समारोह में तीन पुरस्कार हासिल किए हैं। सहारा इंडिया मीडिया के एडीटर और न्यूज डाइरेक्टर श्री उपेंद्र राय को साल का सर्वश्रेष्ठ न्यूज डाइरेक्टर चुना गया है।
            राष्ट्रीय सहारा के राजीव सक्सेना को सर्वश्रेष्ठ संपादक और सहारा समूह के एनसीआर चैनल को सर्वश्रेष्ठ एनसीआर चैनल का पुरस्कार दिया गया। बेस्ट न्यूज़ चैनल के तौर पर एनडीटीवी इंडिया की ओर से सीनियर आउटपुट एडिटर दीपक चौबे ने अवॉर्ड ग्रहण किया। टीवी न्यूज़ के लिए बेस्ट रिपोर्टर नेशनल कैटेगरी का अवॉर्ड आईबीएन 7 के मुंबई रिपोर्टर जय प्रकाश सिंह को मिला। आईबीएन 7 के ही प्रोड्यूसर रविशंकर प्रसाद को बेस्ट प्रोड्यूसर का और चैनल के लखनऊ संवाददाता शलभ मणि त्रिपाठी को उत्तर प्रदेश के बेस्ट जर्नलिस्ट का अवॉर्ड मिला। स्टार न्यूज़ के मध्य प्रदेश ब्यूरो के प्रमुख ब्रजेश राजपूत को मध्य प्रदेश के बेस्ट जर्नलिस्ट का अवॉर्ड मिला। एनडीटीवी प्रॉफिट के मयूर शेखर झा को बेस्ट बिज़नेस रिपोर्टर का अवॉर्ड दिया गया। ईटी नाउ की शैली चोपड़ा को बेस्ट एंकर का अवॉर्ड दिया गया। रीजनल कैटेगरी में बेस्ट ऐंकर का अवॉर्ड टाइम्स टुडे मध्य प्रदेश की डॉ मंजू चौधरी को मिला।
             उत्तराखंड के बेस्ट जर्नलिस्ट का अवॉर्ड वरिष्ठ पत्रकार व दैनिक  पेज थ्री समाचार  पत्र के एडिटर प्रदीप चौधरी को मिला।केन्द्रीय श्रम राज्यमंत्री हरीश रावत ने उन्हें अवॉर्ड प्रदान किया .  वरिष्ठ पत्रकार अंबिका नंदन सहाय को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। उन्हे ये अवॉर्ड केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री डॉ सी पी जोशी के हाथों मिला। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के बेस्ट जर्नलिस्ट का अवॉर्ड डेली तस्कीम के सोहैल काज़मी को मिला। हिमाचल के बेस्ट जर्नलिस्ट का अवॉर्ड आपका फैसला के उदयवीर सिंह पठानिया को मिला। हरियाणा के बेस्ट जर्नलिस्ट का अवॉर्ड पंजाब केसरी के वीरेंद्र सोनी को मिला। महाराष्ट्र के बेस्ट जर्नलिस्ट का अवॉर्ड वरिष्ठ पत्रकार अभिलाष अवस्थी को दिया गया। प्रिंट के बेस्ट रिपोर्टर का नेशनल अवॉर्ड टाइम्स ऑफ इंडिया के दीपक कुमार दाश को दिया गया। नई दुनिया दिल्ली के मनोज वर्मा को बेस्ट पोलिटिकल रिपोर्टर का अवॉर्ड मिला। बेस्ट अपकमिंग न्यूज़पेपर के तौर पर दिल्ली के हमारा महानगर को नवाज़ा गया। इसके साथ साथ झारखंड के रफ्तार टीवी को बेस्ट रीजनल न्यूज़ चैनल का अवॉर्ड दिया गया। सुदर्शन टीवी को बेस्ट रूरल न्यूज़ चैनल का अवॉर्ड मिला। चैनल वन को बेस्ट अपकमिंग चैनल और एटूजेड को फास्टेस्ट ग्रोइंग न्यूज़ चैनल का अवॉर्ड दिया गया।
           मीडिया फेडरेशन पिछली दो बार से रेडियो एफ एम के इंफोटेनिंग पहलू को भी पत्रकारिता की एक विधा मानता है और बेस्ट इंफोटेनिंग रेडियो जॉकी का अवॉर्ड देता रहा है। इस साल ये अवॉर्ड रेड एफएम के मशहूर रेडियो जॉकी नितिन को मिला। नितिन ने अवॉर्ड लेने के बाद अपने अंदाज़ से लोगों का खासा मनोरंजन किया। फेडरेशन की ओर से कला और संस्कृति के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए प्रख्यात भोजपुरी गायिका मालिनी अवस्थी को भी सम्मानित किया। अवॉर्ड लेने के बाद उन्होने एक मार्मिक भोजपुरी गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया। अवॉर्ड समारोह की एक और खासियत रही, जैसलमेर से आए विश्वविख्यात लांगा और कालबेलिया गायकों और नर्तकों की टोली। इन्होने अपनी बेहतरीन गायकी और अनोखे नृत्य से सभागार में मौजूद लोगों को वाह - वाह करने पर मजबूर कर दिया। समारोह के दौरान पुकार थिएटर ग्रुप की एक हास्य प्रस्तुति ने भी लोगों को खूब हंसाया। समारोह के दौरान सभागार खचाखच भरा रहा। फंक्शन के बाद डिनर की भी व्यवस्था थी।
                देश के 12 राज्यों के 25 मीडिया संस्थानों के सामूहिक प्रयास से स्थापित मीडिया फेडरेशन ऑफ इंडिया हर साल प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 35 अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार देता है। हर साल ये आयोजन फिक्की के गोल्डन जुबिली ऑडिटोरियम में होता है।